लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मौसम लगातार करवट ले रहा है। दिन में खिली धूप लोगों को हल्की गर्मी का एहसास करा रही है, वहीं शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। दिन और रात के तापमान में भारी अंतर ने मौसम का मिजाज बदल दिया है।

बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी दिन और रात के तापमान में 15.2 डिग्री का बड़ा अंतर रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार तक दिन और रात के तापमान का यह अंतर बढ़कर 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, 27 नवंबर से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में तापमान का बड़ा अंतर

लखनऊ के अलावा कानपुर में अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम 9.6 डिग्री रहा। यहां 17.2 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। हरदोई में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 9 डिग्री रहा। वहीं बहराइच में अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह घर से निकलने वाले रहें सतर्क

मौसम विभाग के अनुसार, 30 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सुबह-सुबह यात्रा करने वाले लोगों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

फिलहाल राजधानी में दिन की धूप और रात की ठंड के बीच मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों को दो अलग-अलग मौसम का एहसास करा रहा है।