लखीमपुर खीरी। सरयू सहकारी चीनी मिल लिमिटेड, बेलरायां में कार्यरत कर्मचारियों ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए वर्दी की सिलाई और सुरक्षा जूतों के भत्ते में बढ़ोतरी की मांग उठाई है। इसको लेकर 27 नवंबर 2026 को मिल के करीब 34 कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रधान प्रबंधक को सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपा।
कर्मचारियों का कहना है कि चीनी मिल में काम के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से अच्छी गुणवत्ता वाले ISI प्रमाणित स्टील टो सेफ्टी शूज पहनना बेहद जरूरी है। वर्तमान बाजार में ऐसे जूतों की कीमत करीब 1,500 रुपये प्रति जोड़ी है, जबकि निर्धारित भत्ते से बेहतर गुणवत्ता के जूते खरीद पाना मुश्किल हो रहा है।
वहीं, कर्मचारियों ने वर्दी की सिलाई का खर्च भी बढ़ने की बात कही है। उनका कहना है कि वर्तमान बाजार भाव के अनुसार एक सेट पैंट-शर्ट की सिलाई में लगभग 1,000 रुपये खर्च हो रहे हैं। दो सेट वर्दी तैयार कराने में करीब 2,000 रुपये का खर्च आता है। ऐसे में कम भत्ता मिलने के कारण कर्मचारियों को अपनी जेब से अतिरिक्त रकम खर्च करनी पड़ रही है।
कर्मचारियों ने प्रधान प्रबंधक से मांग की है कि सुरक्षा जूतों के लिए कम से कम 1,500 रुपये वार्षिक तथा वर्दी सिलाई के लिए 1,000 रुपये प्रति सेट के हिसाब से दो सेटों के लिए 2,000 रुपये का भत्ता निर्धारित किया जाए।
इस सामूहिक प्रार्थना पत्र पर मिल के विभिन्न विभागों में कार्यरत करीब 34 कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं। कर्मचारियों ने मिल प्रशासन से उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने की अपील की है।