हरदोई। शहर के भीतर यातायात को सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रशासन ने प्राइवेट बसों के संचालन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की कवायद तेज कर दी है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सभी रूटों की प्राइवेट बसें नगर क्षेत्र के बाहर तय स्थानों पर रुकेंगी। इसके बाद क्रमानुसार एक-एक बस शहर के भीतर आकर निर्धारित स्थल पर यात्रियों को बैठाएगी।

इस व्यवस्था के बेहतर संचालन के लिए 19 नवंबर 2026 को नगर मजिस्ट्रेट, एआरटीओ प्रशासन एवं प्रवर्तन तथा यातायात निरीक्षक की संयुक्त टीम ने निर्धारित स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान प्राइवेट बस एसोसिएशन के संचालकों को व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

बस संचालकों के साथ होगी बैठक, लिखित में रख सकेंगे समस्याएं

एआरटीओ ने बताया कि शुक्रवार को प्राइवेट बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और बस संचालकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में यदि किसी संचालक को व्यवस्था को लेकर कोई समस्या है तो वह अपनी बात लिखित रूप में अधिकारियों के सामने रख सकता है।

उन्होंने बताया कि समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। सभी संबंधित लोगों के सहयोग से व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे शहर के भीतर यातायात का संचालन व्यवस्थित रूप से हो सके और लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो।