हरदोई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में संबंधित अधिकारियों और बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकों की धीमी कार्यप्रणाली और ऋण आवेदनों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित बैंक को पत्र जारी करने के निर्देश दिए। बैंकवार समीक्षा करते हुए उन्होंने पीएनबी और इंडियन बैंक की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

वहीं, एक्सिस बैंक की संडीला शाखा द्वारा प्राप्त 12 आवेदनों में से 10 आवेदन निरस्त किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इस मामले में संबंधित बैंक के जोनल कार्यालय को पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

अभिलेखों की कमी होने पर अभ्यर्थियों को स्पष्ट जानकारी दें बैंक

जिलाधिकारी ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि यदि किसी अभ्यर्थी के ऋण आवेदन में अभिलेखों की कमी है तो उसे स्पष्ट रूप से इसकी जानकारी दी जाए, ताकि वह आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा सके। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों के ऋण आवेदन शीघ्र स्वीकृत करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शासन की ओर से निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा किया जाए। साथ ही बैंकवार जितना लक्ष्य शेष है, उसे अगली समीक्षा बैठक तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।