लखीमपुर खीरी : पशुपालन विभाग धौरहरा की ओर से मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सचान के निर्देशन में न्याय पंचायत सिसैया के ग्राम सभा परसा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ ग्राम प्रधान गया प्रसाद ने गौपूजन कर किया। इस दौरान पशुओं के उपचार, टीकाकरण, बीमारियों से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

पशुओं की बीमारियों और टीकाकरण के बारे में दी जानकारी

मेले में नकहा के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों और उनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने खुरपका-मुंहपका, गलाघोंटू, एलएसडी और बकरियों में होने वाली पीपीआर बीमारी के लक्षण, रोकथाम तथा टीकाकरण की जानकारी दी।

उन्होंने पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से कृमिनाशक दवाएं देने और उनकी उचित देखभाल करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

436 पशुओं को मिली उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं

शिविर में कुल 72 पशुपालकों के 436 गाय, भैंस और बकरियों का उपचार किया गया। इसके अलावा पशुओं का गर्भ परीक्षण, कृमिनाशक दवा पान, बधियाकरण और कृत्रिम गर्भाधान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किया प्रेरित

मेले में पशुपालकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बकरी पालन, भेड़ पालन और कुक्कुट पालन योजना-2022 के बारे में बताकर उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर पशुधन प्रसार अधिकारी चरण सिंह तोमर, दर्शन सिंह राणा, पशु औषधि विक्रेता महादेव प्रसाद, विजय कुमार यादव, पशु मैत्री सलीम, शैलेश मिश्रा सहित दीपक कुमार यादव, राकेश कुमार, मनीष कुमार, विनोद कुमार, अमित कुमार, पंकज कुमार और तेजी राम मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी धौरहरा डॉ. राकेश कुमार ने शिविर में पहुंचे सभी पशुपालकों का आभार जताया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वालों को धन्यवाद दिया।