लखनऊ : बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने और उनके बेहतर भविष्य की नींव तैयार करने के उद्देश्य से मैरिको लिमिटेड ने अपनी प्रमुख सीएसआर पहल ‘निहार शांति पाठशाला फनवाला’ को नए स्वरूप में पेश किया है। अब यह कार्यक्रम ‘निहार शांति मजबूती की पाठशाला’ के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी नई पहचान का अनावरण किया गया।

‘शांति दीदी’ बनेगी बच्चों की मार्गदर्शक

कार्यक्रम में पहल के नए मैस्कॉट ‘शांति दीदी’ को भी लॉन्च किया गया। शांति दीदी बच्चों के लिए मित्रवत मार्गदर्शक और भरोसेमंद साथी की भूमिका निभाएंगी। इसके जरिए बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने, सवाल पूछने की आदत विकसित करने और आत्मविश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) की उप निदेशक डॉ. अनुपमा शांडिल्य, जफर खान सहित 140 से अधिक लाभार्थी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लाभार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले लाभार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए परिवार, शिक्षकों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

अब तक 12.69 लाख विद्यार्थियों को मिला लाभ

मैरिको लिमिटेड के चीफ लीगल ऑफिसर एवं ग्रुप काउंसल अमित भसीन ने कहा कि बेहतर शिक्षा ही मजबूत भविष्य की नींव तैयार करती है। इस पहल के माध्यम से बच्चों में बुनियादी साक्षरता, गणितीय कौशल, आत्मविश्वास और जिज्ञासा विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

कंपनी के अनुसार, पिछले कई वर्षों में इस कार्यक्रम के तहत 1.26 लाख से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि लगभग 12.69 लाख विद्यार्थियों को इसका लाभ मिला है।

मैरिको का लक्ष्य नई पहचान के साथ बच्चों की बुनियादी शिक्षा को और सशक्त बनाना तथा उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी रखना है।