गोण्डा। संविधान दिवस के अवसर पर देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने वाली नन्ही आद्या मिश्रा को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। आद्या ने डीआईजी के शिविर कार्यालय में भारत के संविधान की प्रस्तावना सुस्पष्ट उच्चारण के साथ सुनाई, जिससे प्रभावित होकर डीआईजी ने उन्हें इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

जनपद के न्यू इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी अरुण मिश्रा की पुत्री आद्या मिश्रा ने महज चार वर्ष की उम्र में भारतीय संविधान की प्रस्तावना कंठस्थ कर 38.38 सेकंड में सुनाई थी। उनकी इस असाधारण प्रतिभा के चलते उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ था।
संविधान की प्रस्तावना में प्रयुक्त शब्दावली और उसका शुद्ध उच्चारण चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इतनी कम उम्र में पूरी प्रस्तावना को याद कर निर्धारित समय में स्पष्ट उच्चारण के साथ सुनाना आद्या की अद्भुत स्मरण शक्ति, एकाग्रता और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

डीआईजी अशोक कुमार ने आद्या की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इतनी छोटी उम्र में इस तरह की उपलब्धि हासिल करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आद्या की प्रतिभा अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। डीआईजी ने नन्ही बालिका को भविष्य में भी अपनी प्रतिभा निखारने, निरंतर आगे बढ़ने और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।