बांदा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब की ओर से गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बांदा में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार, कॉलेज की प्रधानाचार्या निमिषा रंजन तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों ने किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रदर्शित विज्ञान मॉडलों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को दैनिक जीवन की समस्याओं का वैज्ञानिक तरीके से समाधान खोजने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञान और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक अभिषेक कुमार ने प्रतियोगिता के उद्देश्य और आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, सीओ अमरनाथ ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
निर्णायक मंडल के सदस्य कुशल कुमार, शैलेश कुमार कुशवाहा, हरिओम राठौर और डॉ. शादाब ने विद्यार्थियों के मॉडलों का मूल्यांकन किया और पांच श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया।
प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान

प्रतियोगिता में राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बांदा के अभिषेक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शांतिधाम इंटर कॉलेज अतर्रा के युवराज सिंह द्वितीय और इसी कॉलेज के वसीम खान तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बांदा की कोमल और सत्यनारायण इंटर कॉलेज तिंदवारी के गोपाल साहू को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
नकद पुरस्कार, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित
विजेताओं को क्रमशः पांच हजार, तीन हजार, दो हजार रुपये तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक-एक हजार रुपये के डेमो चेक, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन कॉलेज की प्रधानाचार्या निमिषा रंजन ने किया। मंच संचालन कॉलेज की प्रवक्ता प्रियंका सिंह ने किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और तकनीकी सोच के प्रति प्रोत्साहित किया गया।