बांदा। कार्तिक पूर्णिमा पर कालिंजर दुर्ग में लगने वाले पांच दिवसीय विशाल मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कालिंजर थाना परिसर में बैठक आयोजित की गई। नवागंतुक उपजिलाधिकारी नरैनी और क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस बार मेले में करीब आठ से दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

बैठक में सबसे अधिक जोर कालिंजर दुर्ग पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर दिया गया। दुर्ग के ऊपर जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पहाड़ की तरफ दीवार निर्माण कार्य के चलते सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पर एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सड़क की सफाई कराने और मेला परिसर में पड़ा निर्माण सामग्री का मलबा हटवाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

पानी, स्वास्थ्य और अग्निशमन की रहेगी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल संस्थान की ओर से मेला परिसर और दुर्ग के ऊपर पांच पानी के टैंकर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो एंबुलेंस तैनात रहेंगी। वहीं, आग से बचाव के लिए बड़ी और छोटी दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की व्यवस्था की जाएगी।

मेला परिसर की सफाई व्यवस्था को लेकर ग्राम प्रधान दयाराम सोनकर ने कर्मचारियों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता को लेकर समस्या बनी हुई है।

दुकानों के आवंटन और वसूली का मुद्दा भी उठा

बैठक में स्थानीय लोगों ने मेला परिसर में दुकानों के आवंटन और वसूली की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिन मकानों के सामने दुकानदार दुकानें लगाते हैं, वहां मकान मालिक भी दुकानदारों से पैसे लेते हैं और मेला कमेटी की ओर से भी शुल्क वसूला जाता है। स्थानीय लोगों ने इस व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी।

तालाबों में स्नान करने वालों की सुरक्षा पर जोर

क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने दुर्ग के ऊपर स्थित तालाबों में कार्तिक पूर्णिमा की रात स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने गोताखोरों, रस्सों और लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

बैठक के बाद एसडीएम और सीओ ने मेला परिसर के साथ कालिंजर दुर्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल संस्थान, पुरातत्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।