बांदा। नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से 22 नवंबर को प्रस्तावित ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज को सफल बनाने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। नगर मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और अभ्यास की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई।

प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र के अनुपालन में आयोजित इस बैठक में मॉक एक्सरसाइज के दौरान विभिन्न विभागों की भूमिका, आपसी समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तावित कार्यक्रम 22 नवंबर को शाम छह बजे आयोजित किया जाएगा।

कई विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, होमगार्ड कमांडेंट, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग, वन विभाग, परिवहन विभाग तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

नागरिक सुरक्षा विभाग बांदा की ओर से वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार, शिरोमणि, संतोष कुमार और प्रतिपाल सिंह ने भी बैठक में सहभागिता की।

अधिकारियों ने मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।