कुशीनगर। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को देखते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी संजय चौहान ने तहसील कप्तानगंज के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र रामकोला के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बूथ संख्या 263 और जनता इंटर कॉलेज, चंदरपुर स्थित बूथ संख्या 335 पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और सूची में दर्ज त्रुटियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21 एवं 22 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी जनपदों के मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना, मृत एवं अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाना और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में त्रुटियों को ठीक करना है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीएलओ से नाम शामिल कराने, नाम अपमार्जन और विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति जानी। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 की उपलब्धता, आवेदन भरने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी ली।

 

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी संजय चौहान ने बीएलओ को निर्देश दिया कि विशेष अभियान दिवस के दौरान निर्धारित समय तक अपने-अपने मतदेय स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बूथ पर आने वाले नागरिकों से मतदाता सूची से संबंधित आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर दिया, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं। इसके साथ ही महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। आवेदन करने वाले लोगों को सही जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।

तीन फार्मों से होगा नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का काम

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में मतदाता सूची से जुड़े अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित फार्मों का उपयोग किया जा रहा है।

फार्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।

फार्म-7: मतदाता सूची में दर्ज नाम हटाने अथवा उस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।

फार्म-8: नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन तथा नियमानुसार स्थानांतरण के लिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संबंधित फार्म पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें, जिससे मतदाताओं को आवेदन करने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

डीएम की अपील-परिवार के पात्र सदस्यों का नाम भी जांचें

जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो फार्म-6 के माध्यम से आवेदन करें। नाम, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर फार्म-8 भरें, जबकि मृत अथवा अपात्र मतदाता के नाम को नियमानुसार हटाने के लिए फार्म-7 प्रस्तुत किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। डीएम ने बीएलओ को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से अभियान संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।