हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महुईपुरी में मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल युवक शेखर उर्फ गुड्डू की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए चार डंडे भी बरामद किए गए हैं। वहीं, पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश में जुटी है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपी की तलाश में कार्रवाई कर रही है।