बांदा : बांदा में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से चार वर्षीय बिछड़े बच्चे को महज एक घंटे के भीतर उसके परिवार से मिला दिया गया। रास्ते में अकेले भटक रहे मासूम को डायल 112 की टीम ने सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और काफी मशक्कत के बाद उसके परिजनों का पता लगाकर उन्हें सौंप दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों का आभार जताया।
राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को डायल 112 पर एक राहगीर ने सूचना दी कि करीब चार साल का बच्चा रास्ते में अकेला भटक रहा है। मासूम अपने घर और परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। सूचना मिलते ही पीआरवी के कमांडर रोहित कुमार और चालक अभिषेक कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
प्यार से बातचीत कर शुरू की परिजनों की तलाश
पुलिसकर्मियों ने बच्चे से प्यारपूर्वक बातचीत कर उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद सूझबूझ और लगातार प्रयासों से परिजनों की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस टीम को बच्चे के परिवार का पता चल गया और उनसे संपर्क किया गया।
मासूम को पाकर खिल उठे परिजनों के चेहरे
पुलिस के मौके पर पहुंचे परिजनों की पहचान और जरूरी तस्दीक करने के बाद बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। काफी देर से मासूम की तलाश में परेशान परिवार ने उसे देखते ही राहत की सांस ली। परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशील व्यवहार की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई। इस अभियान के जरिए पुलिस ने एक बार फिर बिछड़े बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाकर सराहनीय काम किया।