बाराबंकी। असन्द्रा थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पिकअप गाड़ी और उसमें लदा लकड़ी का बुरादा बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को असन्द्रा पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों आरोपियों को गोमती नदी स्थित नैपुरा पुल के पास से गिरफ्तार किया। उनकी पहचान मो. वसीम पुत्र अब्दुल सलाम और अब्दुल सलाम पुत्र स्व. मो. मुस्लिम निवासी ग्राम रानीमऊ, थाना खेतासराय, जनपद जौनपुर के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, बीती 11 और 12 नवंबर की रात आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों अलीम, हलीम निवासी रानीमऊ और आदिल निवासी सेठुआपारा, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर के साथ मिलकर असन्द्रा थाना क्षेत्र से पिकअप संख्या यूपी 41 टी 6342 और उसमें लदा लकड़ी का बुरादा चोरी किया था। इस मामले में थाना असन्द्रा में मुकदमा संख्या 366/2026 धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की पिकअप और लकड़ी का बुरादा, दो मोबाइल फोन तथा 310 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी वसीम के खिलाफ पांच और अब्दुल सलाम के खिलाफ 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।

प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महेंद्र सरोज, हेड कांस्टेबल नितेश सिंह, कांस्टेबल रामजी, सुनील कुमार और आशुतोष की टीम ने गिरफ्तारी की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि चोरी की घटना में शामिल तीन अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।