हरदोई। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हरदोई में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय परिसर में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं और उसे गोल्डेन आवर्स के भीतर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती है।
घायलों की मदद करने वालों को 25 हजार रुपये तक पुरस्कार
कार्यक्रम में राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले नेक व्यक्ति को योजना के तहत 25 हजार रुपये तक का पुरस्कार दिया जाता है।
इसके साथ ही पीएम-राहत योजना के बारे में भी लोगों को बताया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अधिकतम सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकती है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। जागरूकता अभियान के तहत पंपलेट और बुकलेट भी वितरित किए गए, ताकि लोग सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता प्रचार वाहन को रवाना किया। यह वाहन अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।