बांदा। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और खेती को आधुनिक एवं टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से बांदा के भवन सभागार में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। गोष्ठी में पराली प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए किसानों से फसल अवशेष खेतों में जलाने के बजाय गौ-आश्रय केंद्रों में भेजने की अपील की गई।
गोष्ठी में उप कृषि निदेशक, बांदा ने किसानों का स्वागत करते हुए कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पराली प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, सोलर फेंसिंग, सोलर पंप, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से उर्वरक, बीज और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।

जिला कृषि अधिकारी, बांदा ने वर्तमान रबी सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बीजों की बुकिंग और उनकी उपलब्धता के संबंध में भी बताया। वहीं भूमि संरक्षण अधिकारी, मैदानी द्वितीय ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से उनका लाभ उठाने की अपील की।
दो ट्राली पराली के बदले मिलेगी एक ट्राली गोबर की खाद
गोष्ठी में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल अवशेष यानी पराली को खेतों में न जलाएं, बल्कि गौ-आश्रय केंद्रों में भेजें। इसके बदले किसानों को दो ट्राली पराली के बदले एक ट्राली गोबर की खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से पराली जलाने की समस्या कम करने के साथ खेतों की उर्वरता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल सकती है।
उर्वरकों की निर्बाध उपलब्धता की मांग
कार्यक्रम में उद्यान, विद्युत, नलकूप, सिंचाई, मंडी, फसल बीमा, कृषि रक्षा, नाबार्ड और बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित किसान हितकारी योजनाओं, सुविधाओं और उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान किसान यूनियन के सदस्यों ने किसानों को निर्बाध रूप से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। इस पर संबंधित अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र निस्तारण और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा।