मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुनय झा और विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रशासकों, ग्राम रोजगार सेवकों और पंचायत सहायकों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को अधूरे और प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: विधायक

इस दौरान कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और प्रशासनिक अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर काम करने की अपील की, ताकि गांवों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

वहीं जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और ग्रामीणों को सड़क, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार सहित बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।