पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मंगलवार की रात्रि देव दीपावली के पावन अवसर पर मानसरोवर तालाब पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। श्री-श्री सूर्यदेव मंदिर के संस्थापक कृष्णा गुप्ता के नेतृत्व में 11 हजार दीप जलाकर पूरे तालाब परिसर को रोशन किया गया। दीपों की जगमगाहट से वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन में नगर की माताएं-बहनें, छठ व्रती, युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

संस्थापक कृष्णा गुप्ता ने बताया कि देव दीपावली पर 11 हजार दीप जलाए गए हैं। नगरवासियों से अपने-अपने घरों से दीप लाकर आयोजन में सहभागी बनने की अपील की गई थी। लोगों ने उत्साहपूर्वक दीप सजाकर पर्व मनाया। उन्होंने गुरु नानक जयंती पर देशवासियों और जनपदवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि देव दीपावली के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।

मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह और अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह भी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। तालाब के चारों कोनों पर पुलिसकर्मियों और महिला कांस्टेबलों की तैनाती रही। आरपीएफ के जवानों ने भी सुरक्षा में सहयोग किया।

आयोजन में बलजीत शर्मा, कुन्दन शर्मा, सतीश कुमार, राकेश तिवारी, क्रांति कुमार शर्मा, शारदानंद मिश्रा, बलराम केशरी, कन्हैया केशरी, पवन शर्मा, नीरज कुमार, अशोक कुमार रावत, प्रभात कुमार, मनीष कुमार, चंद्रशेखर सिंह और कमलेश तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।