चंदौली : अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस ने कैली रोड स्थित एक मकान में छापेमारी कर 1070 लीटर अवैध शराब बरामद की। मौके से 10 पुरुष, दो महिलाओं और दो किशोरों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

सुबह छह बजे मकान में पुलिस ने की छापेमारी

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में कोतवाली चंदौली पुलिस ने 25 नवंबर की सुबह करीब 6:10 बजे कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान मकान में बिना वैध अनुमति के भंडारित 1070 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शराब के साथ एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद भी कब्जे में लिए।

बिहार के कई जिलों के निवासी बताए जा रहे आरोपी

पुलिस ने मौके से बलवन गुप्ता, पंकज कुमार, मनोज कुमार, सचिन कुमार, अब्दुल अंसारी, बाबू लाल कुमार, मनोज सिंह, उदय कुमार, सुबोध और कैलाश मंडल समेत 10 पुरुषों को पकड़ा। इसके अलावा सैरो देवी और शारदा देवी नाम की दो महिलाओं तथा दो किशोरों को भी हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए कई आरोपी बिहार के पटना, औरंगाबाद, सिवान और सहरसा जिलों के निवासी हैं, जबकि कुछ चंदौली के रहने वाले बताए गए हैं।

आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60 और 63 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह समेत उपनिरीक्षक, पुरुष और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।