लखनऊ। राजधानी में कानून के रखवालों की भूमिका पर सवाल खड़े करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिसकर्मी बनकर स्लीपर बस रुकवाने और सर्राफा कारोबारी से करोड़ों रुपये का सोना लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात में लखनऊ पुलिस का एक सिपाही और राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) का कर्मचारी भी शामिल बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मूल निवासी और दिल्ली के करोल बाग में रहने वाले सर्राफा कारोबारी महेंद्र दास 21 नवंबर की रात जौनपुर से दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने उनकी स्लीपर बस रुकवा ली।
आरोपियों ने खुद को जौनपुर पुलिसकर्मी बताकर कारोबारी पर तस्करी का आरोप लगाया और उन्हें जबरन बस से नीचे उतार लिया। इसके बाद कार में बैठाकर उनका सोने के आभूषणों से भरा बैग, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद कारोबारी को सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
250 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर 10 टीमें गठित की गईं। पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंची। गुरुवार को लूटे गए सोने के बंटवारे से पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सिपाही और DRI कर्मचारी भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में सुनार प्रीतम सोनी, DRI लखनऊ का कर्मचारी अविनाश शाही, बैंक सुरक्षा गार्ड राहुल चौहान, लखनऊ में तैनात पुलिस सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा और सोने का कारीगर तिलक मांझी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 844 ग्राम सोने के आभूषण और टुकड़े, 1.82 लाख रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की है। बरामद सोने की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
अभी चार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर, रविशंकर, सागर सेठ और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
इस पूरे मामले ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और सरकारी विभागों में बैठे कुछ लोगों की कथित संलिप्तता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।