लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपना चुनावी संकल्प पत्र ‘27 का संकल्प–पीडीए प्रणपत्र’ जारी किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसे जन-मन का मेनिफेस्टो 2027 बताते हुए कहा कि पीडीए के लोग अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी सरकार बनने पर किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और समाज के सभी वर्गों से किए गए वादों को पूरा करेगी।
युवाओं के लिए नौकरी, रोजगार और 5 हजार रुपये मासिक भत्ते का वादा
अखिलेश यादव ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने का वादा करते हुए कहा कि सभी पात्र युवाओं के लिए सुरक्षित नौकरी की व्यवस्था की जाएगी। सरकारी पदों पर रिक्तियां समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भरी जाएंगी। पेपर लीक रोकने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था विकसित की जाएगी और संबंधित अधिकारी व मंत्री व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।
पार्टी ने सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी करने और सभी परीक्षाएं समय पर कराने का वादा किया है। संकल्प पत्र में प्रत्येक ग्रेजुएट को रोजगार अथवा नौकरी दिलाने की प्रतिबद्धता जताई गई है। जब तक नौकरी या रोजगार नहीं मिलता, तब तक 5 हजार रुपये प्रतिमाह पोषण भत्ता देने का वादा किया गया है।
समाजवादी पार्टी ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 2 से 3 करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। शहरों में युवाओं के रोजगार के लिए शहरी रोजगार अधिनियम लाने तथा बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाने की घोषणा भी की गई।
शिक्षा क्षेत्र में कई बड़े वादे
सपा ने वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को पुनः शुरू करने का वादा किया है। 12वीं पास छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर से लागू करने तथा सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
शिक्षा पर जीएसडीपी का 6 प्रतिशत खर्च करने और अन्य एडेड स्कूलों को सरकार की ओर से 5 हजार रुपये विशेष अनुदान देने का भी संकल्प पत्र में उल्लेख है।
जातिगत जनगणना और पीडीए को प्रतिनिधित्व
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में जातिगत जनगणना शुरू करेगी, जिससे विभिन्न जातियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का आकलन कर उनके उत्थान के लिए योजनाएं बनाई जा सकें।
संकल्प पत्र में सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को उनकी आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व देने, अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए बोर्ड बनाने और सरकारी सेवाओं में बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने का वादा किया गया है।
आरक्षण को संविधान के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू करने, दलित उद्यमियों के लिए स्टार्टअप फंड बनाने तथा 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित एवं पीडीए के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की घोषणा भी की गई है।

किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी और ऋणमाफी
किसानों के लिए समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। किसानों की ऋणमाफी योजना तत्काल प्रभाव से लागू करने की घोषणा की गई है।
गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कारपस फंड बनाकर 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने, सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली देने तथा ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का संकल्प
समाजवादी पार्टी ने राज्य स्वास्थ्य नीति-2027 लाने की घोषणा की है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में पीडीए और गरीब वर्ग के लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।
संकल्प पत्र में सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पांच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने, 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को उन्नत लाइव सपोर्ट सिस्टम के साथ मजबूत करने तथा सभी जिला अस्पतालों का उच्चीकरण करने की घोषणा की गई है।
गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले नागरिकों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है।
कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर सख्ती
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाएगी। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, दंगा और जाति-धर्म आधारित हिंसा रोकने तथा माफिया और गुंडों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई का वादा किया गया है।
साइबर अपराध नियंत्रण के लिए सभी जिलों में साइबर यूनिट स्थापित करने, प्रमुख शहरों में एआई तकनीक से ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और यूपी पुलिस के सभी रिक्त पदों को भरने की घोषणा की गई है।
महिलाओं को नई भर्तियों में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने और महिला सुरक्षा के लिए 1090 व्यवस्था को पुनः मजबूत करने का वादा भी किया गया है।
शहरों में एआई-आईटी हब, गांवों में सड़क और बिजली

संकल्प पत्र में यूपी के प्रमुख शहरों को एआई एवं आईटी हब के रूप में विकसित करने और गांवों व शहरों में वाई-फाई जोन बनाने का वादा किया गया है। व्यापारियों की सुरक्षा के लिए व्यापार सुरक्षा आयोग गठित करने, सभी तहसील मुख्यालयों को फोरलेन नेटवर्क से जोड़ने तथा गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की घोषणा की गई है।
प्रदेश के गांवों, कस्बों और शहरों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार रिवरफ्रंट विकसित करने तथा 10 लाख से अधिक आबादी वाले प्रमुख शहरों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने का संकल्प भी शामिल है।
कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन, आउटसोर्सिंग समाप्त करने का वादा
समाजवादी पार्टी ने कर्मचारियों के लिए 2005 से पहले की पुरानी पेंशन व्यवस्था फिर लागू करने तथा आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने का वादा किया है। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और सरकारी सुविधाओं को नागरिकों के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित करने की घोषणा की गई है।
महंगाई नियंत्रण के लिए प्रमुख शहरों और कस्बों में ‘दाम बांधो बाजार’ खोलने, कारीगरों को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये पेंशन देने और बुनकरों को बिजली आपूर्ति पर सब्सिडी देने का वादा किया गया है।
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एवं कल्याण सुनिश्चित करने, जीवन और संपत्ति की सुरक्षा तथा अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए शहीदों के लिए पेंशन और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने का संकल्प भी जारी किया गया।
खेल और अधिवक्ताओं के लिए भी घोषणाएं
खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम और 10 स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का वादा किया गया है। वहीं अधिवक्ताओं के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने तथा युवा अधिवक्ताओं को वजीफा और आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
पीडीए, महिलाओं और गरीबों के लिए प्रदेशभर में समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया गया है, जहां 5 रुपये में थाली उपलब्ध कराने की बात कही गई है। बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने की घोषणा भी संकल्प पत्र में शामिल है।
सामाजिक न्याय और समावेशी उत्तर प्रदेश बनाने का संकल्प
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के लोग उत्तर प्रदेश को सुख-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित राज्य बनाने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने प्रेम, दया, अपनापन और सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ समावेशी राज्य के निर्माण तथा बिना भेदभाव सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने की बात कही।
संकल्प पत्र जारी करने के कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव, डिंपल यादव, सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद हरेंद्र मलिक, सांसद इकरा हसन, लालजी वर्मा, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद जासमीर अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, नरेश उत्तम पटेल, बाबू सिंह कुशवाहा, राजेंद्र चौधरी, इंद्रजीत सरोज सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।