लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर एक बार फिर इंतजार बढ़ गया है। योगी सरकार ने ग्राम पंचायतों का कार्यकाल छह महीने के लिए और बढ़ाने का फैसला किया है। इसके साथ ही मौजूदा ग्राम प्रधान अगले छह महीने तक अपनी जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे। सरकार के इस फैसले से गांवों में नई ग्राम सरकार के गठन का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल और इंतजार करना पड़ेगा।
दरअसल, ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो गया था। इसके बाद सरकार ने पहले भी छह महीने का विस्तार दिया था, जिसकी अवधि आज यानी 27 नवंबर को पूरी हो रही थी। वही मौजूदा समय में चल रही खाबरें ये साफ़ कर रही हैं की अब कार्यकाल समाप्त होने से पहले सरकार ने इसे एक बार फिर छह महीने बढ़ाने का निर्णय लिया है।
मतदाता सूची और ओबीसी आरक्षण बनी चुनाव में देरी की वजह
पंचायत चुनाव में देरी की प्रमुख वजह मतदाता सूची का अद्यतन नहीं होना और पंचायतों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण से संबंधित रिपोर्ट तैयार न होना बताया जा रहा है। इन जरूरी प्रक्रियाओं के पूरा होने में समय लगने के कारण निर्धारित समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं हो सका।
2027 के बाद हो सकते हैं पंचायत चुनाव
माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं। ऐसे में गांवों में नई सरकार के गठन के लिए ग्रामीणों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल मौजूदा ग्राम प्रधान ही अगले छह महीने तक गांवों की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।