बाराबंकी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को मिनी स्टेडियम रामसनेहीघाट में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कुल 406 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 401 हिंदू और पांच मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग की ओर से किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। इस दौरान नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में शादी के लिए 20 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत प्रति वैवाहिक जोड़े के लिए एक लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए इस योजना के माध्यम से सहयोग प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह, अयोध्या के पूर्व सांसद के प्रतिनिधि बाबा परमेंदर सिंह, दरियाबाद, बनीकोडर, पूरेडलई व सिरौलीगौसपुर के ब्लॉक प्रमुख तथा रामसनेहीघाट और टिकैतनगर के नगर पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट, जिला समाज कल्याण अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी दरियाबाद, बनीकोडर, पूरेडलई व सिरौलीगौसपुर, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में ग्राम प्रधानों, गणमान्य नागरिकों तथा पत्रकारों ने भी सहभागिता की। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।