दुद्धी (सोनभद्र) : समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को कस्बे की डीसीएफ कॉलोनी स्थित सपा कार्यालय गोंडवाना भवन में श्रद्धा, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके जीवन संघर्ष को याद किया।
पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन और समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए गए उनके प्रयासों पर विचार रखे।
गरीबों, किसानों और वंचितों की आवाज थे नेताजी : निरेंद्र सिंह गोंड
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निरेंद्र सिंह गोंड ने कहा कि मुलायम सिंह यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी और वंचित समाज के स्वाभिमान की बुलंद आवाज थे। उनका पूरा जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान एवं अधिकार दिलाने के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेताजी के दिखाए रास्ते पर चलते हुए दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के गरीबों, आदिवासियों, किसानों और नौजवानों के हक एवं सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के माध्यम से ही नेताजी के सपनों को साकार किया जा सकता है।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान
दुद्धी विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी नेताजी के ऐतिहासिक संघर्षों को याद किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से समाजवादी पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
पीडीए और समाजवाद की विचारधारा आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पीडीए और समाजवाद की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निरेंद्र सिंह गोंड, दुद्धी विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव, कल्लन खान, जगदीश यादव, आशा रावत, कौशल्या देवी, जौहर, रिजवान और परमजीत सिंह मोनू सहित अनेक समाजवादी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।