लखीमपुर खीरी : पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय ने पुलिस लाइन खीरी में पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस झंडा दिवस के महत्व, विभाग की गौरवशाली परंपराओं तथा कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया
कार्यक्रम के दौरान एएसपी अमित कुमार राय ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को विभाग की गरिमामयी पहचान और गौरवशाली इतिहास को बनाए रखने के लिए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस ध्वज गौरव और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक
एएसपी पश्चिमी ने कहा कि पुलिस ध्वज पुलिस बल के गौरव, शौर्य, साहस, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह अपने आचरण और कार्यशैली से पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करे।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायपूर्ण पुलिसिंग के प्रति सभी पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। साथ ही पुलिस ध्वज की प्रतिष्ठा, सम्मान और गरिमा को सदैव बनाए रखने का संकल्प लेने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।