पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने के लिए बुधवार रात करीब 11 बजे शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मुगलसराय रेलवे स्टेशन से रवाना हुए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस मार्च को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कई कार्यकर्ता बसों और निजी वाहनों से भी लखनऊ पहुंचे।
संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का उठाया मुद्दा
इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक मूल्यों को कमजोर कर रही है। वोट चोरी, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों के विरोध में कांग्रेस लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय से महात्मा गांधी की प्रतिमा तक संविधान रक्षा मार्च निकालेगी।
उन्होंने कहा कि मुगलसराय और चंदौली से सैकड़ों कार्यकर्ता इस मार्च में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंच रहे हैं। मार्च में 50 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पीसीसी सदस्य अकील अहमद खान ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले संविधान सुरक्षित था, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे संवैधानिक व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को अपराधी और आतंकवादी तक बताया जाता है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता लखनऊ पहुंचकर संविधान की रक्षा का संदेश देंगे। उनके मुताबिक, जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 में सरकार बदलने की तैयारी कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष दयाराम पटेल ने कहा कि वोट चोरी, मंदिर के चढ़ावे और नीट परीक्षा से जुड़े सवाल जनता के सामने हैं। चुनाव से पहले इन मुद्दों पर लड़ाई जरूरी है। वहीं शाहिद तौसीफ ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने भाजपा के मंत्री और विधायकों पर लोकतंत्र तथा संविधान की मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। कहा कि संविधान रक्षा मार्च के जरिए कांग्रेस इन मुद्दों का विरोध करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हुए रवाना
लखनऊ रवाना होने वालों में बृजेश गुप्ता, अकील अहमद खान, दयाराम पटेल, बाबू शाहिद, तौसीफ, डॉ. जीके पांडेय, विजय गुप्ता, असद इकबाल, इम्तियाज अहमद, कन्हैया मोदनवाल, प्रकाश शर्मा, अजहर माली, मुकीम खान, संजय जायसवाल, नेसार शाह, डॉ. मोहम्मद हुमायूं, हाजी अहमर, वाहिद खान और छोटू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।