लखीमपुर खीरी : कोतवाली सदर पुलिस ने मोहल्ला रामनगर में महिला से कुंडल लूटने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया पीली धातु का कुंडल, अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीतू राजपूत के रूप में हुई है।

तालाब के पास से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को मोहल्ला रामनगर में एक महिला से कुंडल लूटने की घटना हुई थी। इस मामले में कोतवाली सदर थाने में मुकदमा संख्या 0944/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) में केस दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में वांछित और वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को क्षेत्र में चेकिंग और तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम रंगीलानगर से पहले तालाब के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीतू पुत्र रामनरेश राजपूत, उम्र करीब 36 वर्ष, निवासी मोहल्ला गुटैय्याबाग, थाना कोतवाली सदर, जनपद खीरी के रूप में हुई है।

कुंडल, तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पीली धातु का कुंडल, 315 बोर का एक अवैध तमंचा और इसी बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका पंजीकरण नंबर UP34BF1194 है।

आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के आधार पर लूट के मामले में बीएनएस की धारा 317(2) बढ़ाई गई है। वहीं, अवैध तमंचा और कारतूस मिलने के संबंध में कोतवाली सदर में मुकदमा संख्या 0950/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। घटना में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।