बाराबंकी। तहसील रामनगर क्षेत्र के गणेशपुर में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के दसवें दिन रविवार को सीता हरण की लीला का स्थानीय कलाकारों ने शानदार मंचन किया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला स्थल पर देर रात तक दर्शकों की भारी भीड़ जुटी रही और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

रावण ने साधु का वेश धारण कर किया माता सीता का हरण

मंचन के दौरान रावण साधु का वेश धारण कर पंचवटी पहुंचता है और छलपूर्वक माता सीता का हरण कर उन्हें लंका ले जाता है। माता सीता के वियोग में भगवान श्रीराम और लक्ष्मण व्याकुल होकर उनकी खोज में निकल पड़ते हैं। इसके बाद सुग्रीव से मित्रता, बाली-सुग्रीव युद्ध सहित रामायण के अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया, जिसकी दर्शकों ने खूब सराहना की।

सोमवार को होगा लंका दहन और बाली-सुग्रीव युद्ध का मंचन

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार अवस्थी उर्फ दीपू ने बताया कि रामलीला के ग्यारहवें दिन सोमवार को सीता हरण के आगे की लीला, लंका दहन तथा बाली-सुग्रीव युद्ध के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। रात नौ बजे से शुरू होने वाली रामलीला देर रात तक चलेगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय कलाकार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी भूमिकाओं का निर्वहन कर रहे हैं।

चंद्र प्रकाश मिश्रा और राजकुमार निगम बने कलाकार प्रतिनिधि

इस अवसर पर चंद्र प्रकाश मिश्रा एवं राजकुमार निगम को कलाकार प्रतिनिधि मनोनीत किया गया। कमेटी अध्यक्ष प्रवीण कुमार अवस्थी ने कहा कि कलाकारों का सम्मान करना बेहद जरूरी है। कलाकार अपनी प्रतिभा और मेहनत के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखते हैं। ऐसे में उनका सम्मान करना कमेटी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी एवं महामंत्री कृष्ण कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष मनीष तिवारी, डायरेक्टर जितेंद्र नाथ मिश्रा, अनुज पांडेय, शिवा पांडेय सहित कमेटी के कई सदस्य उपस्थित रहे।

स्थानीय कलाकारों ने निभाईं रामायण के पात्रों की भूमिकाएं

रामलीला में रावण की भूमिका चंद्र प्रकाश मिश्रा, हलधारी की भूमिका मुन्ना रावत, भगवान श्रीराम की भूमिका लव त्रिपाठी, लक्ष्मण की भूमिका कुश त्रिपाठी, सुग्रीव की भूमिका रामशंकर मिश्रा, हनुमान की भूमिका प्रवीण कुमार अवस्थी, जामवंत की भूमिका रामचंद्र गुप्ता, बाली की भूमिका शिवम सोनी, अंगद की भूमिका रज्जू मिश्रा, विभीषण की भूमिका रामाशंकर सोनी तथा मेघनाथ की भूमिका शंकर मिश्रा ने निभाई। सभी कलाकारों के अभिनय की दर्शकों ने सराहना की।