दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-39 स्थित बीड़र गांव के चौराहे पर सोमवार दोपहर करीब चार बजे साइकिल और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में साइकिल सवार समेत कुल तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

चौराहे के मोड़ पर अचानक साइकिल मोड़ने से हुई टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीड़र गांव के वार्ड नंबर 11 निवासी रामलाल चेरो (55) पुत्र स्व. आनंदी रजखड़ गांव की ओर से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीड़र चौराहे के मोड़ पर उन्होंने अचानक अपनी साइकिल मोड़ दी। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूटी उनसे टकरा गई, जिससे तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

स्कूटी पर सवार थे दो किशोर

स्कूटी पर रजखड़ निवासी अंशु (16) पुत्र शंकर नारायण अपने ममेरे भाई राजीव कुमार (17) पुत्र रवि कुशवाहा निवासी पनझरी कला, थाना बिसरामपुर, पलामू (झारखंड) के साथ सवार होकर रजखड़ से दुद्धी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीड़र चौराहे पर उनकी स्कूटी साइकिल से टकरा गई।

तीनों घायलों का सीएचसी में चल रहा इलाज

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल सीएचसी दुद्धी भिजवाया। चिकित्सकों एवं स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हादसे में साइकिल सवार रामलाल चेरो के पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। वहीं, स्कूटी सवार अंशु के पैर और हाथ में चोट लगी है, जबकि उसके ममेरे भाई राजीव कुमार को हाथ में मामूली चोटें आई हैं।