लखीमपुर खीरी। जनपद में वांछित, वारंटी और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने शिवालापुरवा भट्ठा रोड स्थित मथना मोड़ के पास से एक युवक को अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान 23 नवंबर 2026 को चौकी प्रभारी गढ़ी उपनिरीक्षक जय कृष्ण तिवारी पुलिस टीम के साथ गश्त और चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने शिवालापुरवा भट्ठा रोड स्थित मथना मोड़ के पास दबिश दी और शाम करीब 19:40 बजे संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपांशू पुत्र अवधेश दीक्षित, निवासी ग्राम ढखवा मजरा खईयां, थाना फूलबेहड़, जनपद खीरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया।
आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना कोतवाली सदर में मु0अ0सं0 0949/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अभियुक्त अवैध तमंचा कहां से लाया था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था।