गोंडा। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से गोंडा में आयोजित 10 दिवसीय खादी महोत्सव में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। महोत्सव का निरीक्षण करने पहुंचे लखनऊ के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मीकांत नागपाल को कई कमियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान एक भी स्टॉल पर फेसिंग की व्यवस्था नहीं दिखाई दी, जबकि 10 से 12 स्टॉल खाली पाए गए। इस पर उन्होंने मंडलीय खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अजय कुमार सिंह को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

गोंडा में 15 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक खादी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश सहित देश के 15 प्रदेशों और विभिन्न शहरों से आए कारोबारियों एवं संस्थानों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। महोत्सव में कुल 120 स्टॉल लगाए जाने हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान कई स्टॉल खाली मिलने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हुए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मीकांत नागपाल ने स्टॉलों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्हें फेसिंग की व्यवस्था नहीं मिली और कई स्टॉल खाली दिखाई दिए। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा महोत्सव में सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तीन दिनों में 10 लाख से अधिक की बिक्री का दावा

मंडलीय खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि महोत्सव के शुरुआती तीन दिनों में 10 लाख रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने कहा कि महोत्सव का प्रचार सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कराए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग महोत्सव में पहुंचें।
अजय कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें मंगलवार देर शाम या बुधवार तक दुरुस्त कर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित कर लिया जाएगा।