गोंडा। जिले के खनवापुर गांव निवासी रामकुमार अपने परिवार के साथ 16 नवंबर 2026 से जिला पंचायत परिसर में टिन शेड के नीचे भूख हड़ताल और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि नाली खोदने को लेकर हुए विवाद में उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई, लेकिन खरगूपुर थाने में शिकायत देने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही उचित कार्रवाई हुई।
रामकुमार पुत्र जमुना, निवासी थाना खरगूपुर क्षेत्र ने बताया कि उनके घर के पूरब स्थित गाटा संख्या 238 के तालाब में घर का पानी नाली के माध्यम से जाता था। उनका कहना है कि नाली के पास इंटरलॉकिंग का कार्य होने के कारण नाली बंद हो गई, जिससे घर का पानी बाहर निकलना बंद हो गया।
रामकुमार के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब सात बजे वह नाली खोदकर साफ कर रहे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष ने पानी निकालने से रोक दिया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद लात-घूंसे और थप्पड़ों से मारपीट की गई तथा उन्हें इंटरलॉकिंग पर पटककर पीटा गया।
रामकुमार का आरोप है कि उनकी पत्नी गीता देवी उन्हें बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर जब गांव के लोग मौके पर जुटने लगे तो विपक्षी पक्ष जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विपक्षी पक्ष वहां से जा चुका था। इसके बाद उन्होंने खरगूपुर थाने में शिकायत दी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और मेडिकल जांच तक नहीं कराई गई। रामकुमार का कहना है कि उन्होंने शासन और प्रशासन के अधिकारियों को भी अपनी शिकायत भेजी, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।
रामकुमार के अनुसार, नाली बंद होने के कारण उनके घर का पानी नहीं निकल पा रहा है और घर में पानी भरा हुआ है। इसी समस्या और कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वह परिवार सहित जिला पंचायत परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
थाना प्रभारी ने कही राजस्व विभाग के साथ कार्रवाई की बात
इस मामले में खरगूपुर थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि मामला जमीन के विवाद से जुड़ा है। राजस्व विभाग के साथ मिलकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पीड़ित परिवार जिला पंचायत परिसर में धरने पर बैठा है और अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।