दुद्धी (सोनभद्र) : तहसील मुख्यालय से सटे धनौरा ग्राम में लकड़ा बांध की ओर जाने वाले बदहाल मार्ग के निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वन विभाग की कथित अड़ंगेबाजी और लापरवाही के खिलाफ पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई। उन्होंने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों के साथ मिलकर संघर्ष करने की चेतावनी दी। साथ ही 15 दिनों के भीतर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिलाने और आरईएस विभाग से निर्माण कार्य में तेजी लाने का भरोसा दिया।

गड्ढों में तब्दील हुआ मार्ग, ग्रामीण परेशान

धनौरा गांव में महेंद्र यादव के आवास से अलियार यादव के आवास तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की हालत इतनी खराब है कि इस पर आवागमन करना मुश्किल हो गया है। मार्ग के निर्माण और मरम्मत को लेकर जनसुनवाई से लेकर तहसील दिवस तक शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

वन विभाग की रिपोर्ट पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन दरोगा ने मौके पर पहुंचे बिना ही रिपोर्ट लगा दी, जिससे लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि मामले की जानकारी होने के बावजूद डीएफओ सहित वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वन विभाग के खिलाफ संघर्ष की चेतावनी

मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने वन विभाग की कथित लापरवाही को क्षेत्र के विकास में बाधक बताया। उन्होंने कहा कि वन विभाग की मनमानी और लापरवाही के कारण कई गांवों में गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने विभाग पर अवैध आय का माध्यम बनाने का आरोप भी लगाया।

पूर्व विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए वह उनके साथ खड़े हैं। जरूरत पड़ने पर वन विभाग के खिलाफ संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को 15 दिनों के भीतर एनओसी दिलाने और आरईएस विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को गति देने का आश्वासन दिया।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

इस दौरान ग्राम प्रधान सुभाष कुमार, रविंद्र गुप्ता, निरंजन जायसवाल, कन्हैयालाल कुशवाहा, उदय यादव, लालबाबू, नगीना भारती, सविता देवी, ललिता देवी, गुड्डी भारती, बबीता गुप्ता, हीरामन देवी और संगीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।