बांदा : चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित मंडल स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं की प्रगति परखी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी।

स्कूटी योजना की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश

आयुक्त ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना की समीक्षा करते हुए पात्र छात्राओं का पारदर्शी तरीके से चयन करने और वितरण से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए। इसके साथ ही सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में बांदा और चित्रकूट की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।

खाद की कालाबाजारी और किसानों को परेशान करने पर कार्रवाई

किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने कहा कि सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध रहना चाहिए। अधिकारियों को समितियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद वितरण में लापरवाही, कालाबाजारी या किसानों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खराब ट्रांसफार्मर बदलने में न हो देरी

विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। इसके अलावा रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और बिजली बिलों में होने वाली त्रुटियों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा गया।

हर गांव तक पहुंचे शुद्ध पेयजल

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने उन गांवों में प्राथमिकता से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, जहां अभी तक पानी नहीं पहुंचा है। पाइपलाइन, नल और सड़कें क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल मरम्मत कराने को कहा, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग को जननी सुरक्षा योजना में बांदा की प्रगति सुधारने और पात्र महिलाओं को समय से लाभ देने के निर्देश दिए गए। वहीं, विभिन्न विभागों की पेंशन योजनाओं के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और फैमिली आईडी में दर्ज त्रुटियों को ठीक कराने पर भी जोर दिया गया।

गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करें अधिकारी

पशुपालन विभाग को पशुओं के टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने गौशालाओं में चारा, पानी, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने की हिदायत दी। बैठक में नंदिनी और मिनी नंदिनी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

पंचायती राज विभाग को पंचायत भवनों और कॉमन सर्विस सेंटर को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पंचायत भवनों में पंचायत सचिव, लेखपाल और संबंधित कर्मचारियों की निर्धारित दिवसों पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा बीडीओ को नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। आईसीडीएस विभाग की समीक्षा में बांदा और हमीरपुर में योजनाओं की प्रगति सुधारने और बाल विकास एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

चित्रकूट में लंबित सड़क निर्माण 15 दिन में पूरा कराने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग को खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत और पैचवर्क कराने को कहा गया। आयुक्त ने सड़क डिवाइडरों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश दिए, ताकि रात में वाहन चालकों को डिवाइडर स्पष्ट दिखाई दें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। चित्रकूट में लंबित सड़क निर्माण कार्यों को 15 दिन के भीतर पूरा कराने की हिदायत भी दी गई।

श्रम विभाग को मातृत्व योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से लाभ देने और आवेदनों को लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए।

जनगणना-2027 और मतदाता सूची पर भी जोर

आयुक्त ने जनगणना-2027 के तहत स्वगणना अभियान में तेजी लाने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बीएलओ के माध्यम से पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी, जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी हमीरपुर सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।