कटरा बाजार, गोंडा। आगामी 4, 5 एवं 6 दिसंबर को कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के चौरी चौराहा पर बागेश्वर धाम के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाले भव्य 'श्रीराम कथा अमृत महोत्सव' की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव का शुभारंभ 2 दिसंबर को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ होगा।

इसी क्रम में सोमवार को हलधरमऊ के ब्लॉक प्रमुख वैभव सिंह 'मोनू' ने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर अक्षत (पीले चावल) का वितरण किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को कलश शोभायात्रा एवं श्रीराम कथा अमृत महोत्सव में सपरिवार शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख वैभव सिंह 'मोनू' ने कहा कि 2 दिसंबर को निकलने वाली भव्य कलश शोभायात्रा के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय एवं राममय हो जाएगा। प्रभु श्रीराम की कथा समाज को जोड़ने, आपसी सद्भाव बढ़ाने और सनातन संस्कृति के आदर्शों एवं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।

कार्यक्रम के मुख्य निवेदक कटरा बाजार विधायक बावन सिंह एवं हलधरमऊ ब्लॉक प्रमुख वैभव सिंह 'मोनू' ने संयुक्त रूप से धर्मप्रेमी जनता से 2 दिसंबर को आयोजित कलश शोभायात्रा तथा 4 से 6 दिसंबर तक होने वाले श्रीराम कथा अमृत महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।

महोत्सव को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पावन आयोजन में शामिल होकर प्रभु श्रीराम की कथा का श्रवण करेंगे।