पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। रुपये के लेन-देन के विवाद में धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में सैयदराजा पुलिस ने सोमवार को वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रणविजय उर्फ विजय निवासी ग्राम मनराजपुर, थाना सैयदराजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर सकलडीहा रोड स्थित मां काली बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से गिरफ्तार किया।
उधार गुटखा देने से मना करने पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, मनराजपुर निवासी हरिदास यादव गांव में पान-गुटखा की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि गांव का ही विशाल यादव उनकी दुकान पर उधार गुटखा लेने पहुंचा था। पूर्व का बकाया पैसा नहीं होने के कारण हरिदास ने उसे उधार देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
बाजार जाते समय रास्ते में रोककर किया हमला
आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब आठ बजे जब हरिदास बाजार में सामान खरीदने जा रहे थे, तभी घर के पास आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान विजय, विशाल और उनके पिता कन्हैया यादव ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने साइकिल और बैग में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये छीन लिए तथा जान से मारने की नीयत से फावड़े से सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
पीड़ित की तहरीर पर सैयदराजा थाने में मुकदमा संख्या 0343/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी रणविजय उर्फ विजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।