करनैलगंज, गोंडा। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर श्री सिया जू कामधेनु गौ सेवा धाम, करनैलगंज में आयोजित द्वितीय श्री कामधेनु गौ आराधना महोत्सव अत्यंत भव्यता एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रातःकाल 21 कुंडीय श्री कामधेनु लक्ष्मी महायज्ञ एवं सहस्त्रार्चन का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण-बलराम को मुख्य यजमान के रूप में विराजमान कर विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया गया।
सायंकाल धर्म जागरण, संतों की गोष्ठी, गौसेवक सम्मान समारोह एवं भव्य जागरण का आयोजन हुआ। संत-महात्माओं के सान्निध्य और भक्तिमय प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। महाप्रसाद के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री अजय सिंह जी के समक्ष गौशाला के घायल, दुर्घटनाग्रस्त एवं निराश्रित गोवंश के उपचार तथा रेस्क्यू के लिए बैटरी रिक्शा को एंबुलेंस एवं गौसेवा रथ के रूप में उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। विधायक जी ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसकी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया और गौसेवा के इस अभियान से जुड़ने को अपना सौभाग्य बताया।

महोत्सव में गौसेवा धाम के संस्थापक गोवत्स श्री कनक बिहारी दास जी महाराज एवं सहसंस्थापक श्री विशाल कौशल जी सहित अप्पू मोदीवाल, अरमान पूर्वार, कन्हैयालाल वर्मा, भरतलाल कसैरा, विधायक प्रतिनिधि अरुण वैश्य, गुड्डू सिंह, रमेश दूबे, मनीष भट्ट, अर्णव शुक्ला, आकाश वर्मा, दीपक गुप्ता, अनुज जायसवाल एवं शिवम जायसवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन की भव्यता, सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं एवं गौसेवा के प्रति समर्पण की उपस्थित श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। महोत्सव ने धार्मिक चेतना के साथ-साथ निराश्रित एवं घायल गोवंश की सेवा का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया।