बाराबंकी: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से संविधान रक्षा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद एक वोट है। यदि मतदाताओं का मतदान का अधिकार प्रभावित होता है तो संविधान और लोकतंत्र दोनों कमजोर होंगे।

खरगे के नेतृत्व में निकलेगी यात्रा

जिलाध्यक्ष ने बताया कि संविधान रक्षा यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। यात्रा 26 नवंबर को नेहरू भवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद शुरू होगी। इसके बाद एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगी, जहां पुष्पांजलि अर्पित कर यात्रा का समापन होगा।

उन्होंने बताया कि यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। इसमें सामाजिक संगठनों, युवाओं और संविधान में आस्था रखने वाले लोगों से शामिल होने की अपील की गई है।

मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

प्रेसवार्ता में मोहम्मद मोहसिन ने राहुल गांधी की ओर से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों का भी उल्लेख किया। उन्होंने फॉर्म-6 में शपथ पत्र जोड़े जाने, फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम हटाने की शिकायतों और बीएलओ पर कथित दबाव बनाने के आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग फर्जी शिकायतों के मामलों में हुई कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक करे।

चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मुख्य न्यायाधीश की समिति के माध्यम से नियुक्ति की व्यवस्था दी थी, लेकिन वर्ष 2023 में कानून बनाकर मुख्य न्यायाधीश को चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।

उन्होंने एसआईआर के तहत मतदाताओं के नाम काटे जाने और नागरिकता जांच को लेकर भी आपत्ति जताई। इसके अलावा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद कतार में लगे मतदाताओं की संख्या का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।

बाराबंकी से 1500 और रामनगर से 500 कार्यकर्ता होंगे शामिल

जिलाध्यक्ष ने बताया कि बाराबंकी जिले से 1500 लोगों को संविधान रक्षा यात्रा में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं रामनगर विधानसभा क्षेत्र से कम से कम 500 कार्यकर्ताओं को ले जाने की तैयारी है।

प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ पांडे, महादेवा ब्लॉक अध्यक्ष सद्दाम, नगर अध्यक्ष सचिन त्रिपाठी, लवलीन पांडे, श्रीकांत मिश्र समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।