चंदौली: जिला मुख्यालय के फुटिया और जगदीशसराय के पास सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में नया मोड़ सामने आया है। भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल वाहनों को टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो में सवार चारों युवकों के मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में अभी तक किसी भी पक्ष ने सदर कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी है।

काफिले की चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन समेत चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के समय विधायक भी काफिले में मौजूद थे, लेकिन उनकी गाड़ी सुरक्षित बच गई।

हादसे में चार युवक घायल

दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार पंकज यादव, प्रिंस यादव, सजीवन और सोनल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर और बंशीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि युवक सैयदराजा से अलीनगर के पचफेड़वा स्थित एक निजी अस्पताल में कपड़े और खाना लेकर जा रहे थे।

परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप

घायल युवकों के परिजनों का आरोप है कि काफिले की एक गाड़ी से स्कॉर्पियो टच हो गई थी। इसके बाद युवकों के साथ मारपीट की गई। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह ने बताया कि चारों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया था, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।