चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र के कुरहना स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्यस्तरीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2026-27 की तैयारियां तेज हो गई हैं। 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के सब जूनियर बालक-बालिका, जूनियर और सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में देश और प्रदेश की कई नामचीन खेल हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

मीराबाई चानू समेत कई दिग्गज हस्तियों के पहुंचने की संभावना

चंदौली जिला भारोत्तोलन एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू, उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन एसोसिएशन की अध्यक्ष सबीना यादव, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित विजय शर्मा और दक्षिण एशियाई भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष डॉ. सहदेव यादव के शामिल होने की संभावना जताई गई है। इन दिग्गजों की मौजूदगी से युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।

आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा

मंगलवार को प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेने उत्तर प्रदेश किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष, वाराणसी कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष और चंदौली जिला भारोत्तोलन एसोसिएशन के संस्थापक डॉ. पीयूष यादव आयोजन स्थल पहुंचे।

उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और मैदान में टेंट लगाने सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित लोगों को सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

डॉ. पीयूष यादव ने कहा कि प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन चंदौली में होना जिले के लिए गौरव की बात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

जिला भारोत्तोलन एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप यादव ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।

इस दौरान विद्यालय के निदेशक दिवाकर यादव, डीन आरपी सिंह और स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली के जिला महासचिव कुमार नंदजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।