मुगलसराय (चंदौली): मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार को चंदौली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। टीम ने 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ओडिशा से गांजा लेकर वाराणसी के रास्ते गोरखपुर जा रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ थाना गाजीपुर में तैनात उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से गांजा लेकर चंदौली होते हुए वाराणसी के रास्ते गोरखपुर जाने वाले हैं। सूचना पर एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार त्रिपाठी के निर्देशन में टीम गठित की गई। टीम ने एनएच-19 पर मझवार रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्धों की तलाश शुरू की।
मामला चंदौली कोतवाली क्षेत्र का होने के चलते स्थानीय पुलिस को भी कार्रवाई में शामिल किया गया। इसके बाद संयुक्त टीम ने नरसिंहपुर रोड के पास चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
चेकिंग के दौरान मुखबिर ने एक महिला और पुरुष की पहचान गांजा तस्करी में शामिल संदिग्धों के रूप में की। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज साहनी (19) और प्रीति कुमारी (21), निवासी अमरुद मंडी, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 19 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चंदौली कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 541/2026 दर्ज किया है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 के तहत दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त कार्रवाई में एएनटीएफ और चंदौली कोतवाली पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।