लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अभिनव मॉडल स्कूल, जानकीपुरम के 300 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, किताबें और कॉपियां वितरित कीं।

कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने छह बच्चों को स्वयं बैग, किताबें और कॉपियां दीं। साथ ही पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्हें आर्थिक मदद भी प्रदान की। शेष बच्चों को शैक्षिक सामग्री वितरित करने के लिए लखनऊ उत्तरी विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी पूजा शुक्ला को बैग सौंपे गए।

भाजपा सरकार पर स्कूल बंद करने का आरोप

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभिनव स्कूल समाजवादी सरकार के समय जितना बनाया गया था, आज भी उतना ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने स्कूलों के विकास का काम आगे नहीं बढ़ाया। उनके मुताबिक, भाजपा सरकार ने प्रदेश में 26 हजार से अधिक प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर सभी बंद स्कूलों को फिर से खोला जाएगा और ये बच्चे इन्हीं बैग के साथ स्कूल जाएंगे।

इसरो प्रतियोगिता में 7वां स्थान पाने वाली हिबा खान सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान इसरो की एक प्रतियोगिता में सातवां स्थान प्राप्त करने वाली हिबा खान को अखिलेश यादव ने आईपैड देकर सम्मानित किया। हिबा खान ने इस सम्मान के लिए अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की जानकारी समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।