लखीमपुर खीरी। संपूर्णानगर थाना क्षेत्र में हुई हरेंद्र की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी अनीता देवी और उसका प्रेमी गुरजीत सिंह शामिल थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए खून से सने लोहे के बांके और पाइप के साथ वारदात के समय पहने गए कपड़े व जूते भी बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) और क्षेत्राधिकारी पलिया के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष संपूर्णानगर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में की गई।

खेत के पास बुलाकर की गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे गुरजीत सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम निषादनगर घोला, थाना संपूर्णानगर, हरेंद्र के घर पहुंचा था। वहां उसने हरेंद्र की पत्नी अनीता देवी के साथ मिलकर उसे खेतों की ओर बुलाने की योजना बनाई।

आरोप है कि योजना के तहत हरेंद्र को गांव के ही सूबेदार के गन्ने के खेत के पास चक मार्ग तिराहे पर बुलाया गया। वहां धारदार लोहे के बांके और लोहे की पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में थाना संपूर्णानगर में मुकदमा अपराध संख्या 166/2026 के तहत धारा 3(5)/103(1) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था।

छह साल से संबंध होने की बात आई सामने

पुलिस की जांच में सामने आया कि अनीता देवी और गुरजीत सिंह के बीच कथित तौर पर करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, हरेंद्र इस संबंध का विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। आरोप है कि विरोध से परेशान होकर अनीता और गुरजीत ने हरेंद्र की हत्या की साजिश रची।

बहादुरनगर तिराहे से दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष संपूर्णानगर और पुलिस टीम ने संपूर्णानगर-पलिया मार्ग पर बहादुरनगर तिराहे के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गुरजीत सिंह की निशानदेही पर उसके गन्ने के खेत से खून से सना लोहे का बांका, लोहे की पाइप और घटना के समय पहने गए लोअर, शर्ट, जैकेट व जूते बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी

1. गुरजीत सिंह पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम निषादनगर घोला, थाना संपूर्णानगर।

2. अनीता देवी पत्नी हरेंद्र, निवासी ग्राम निषादनगर घोला, थाना संपूर्णानगर।

पुलिस का कहना है कि मामले में बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में इस हत्याकांड को लेकर चर्चा बनी हुई है।