गोंडा। कोतवाली नगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 34,910 रुपये नकद, अलग-अलग बैंकों के 23 एटीएम कार्ड, छह मोबाइल फोन, 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड, ठगी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक हुंडई आई-10 कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह एटीएम मशीनों में तकनीकी छेड़छाड़ कर ग्राहकों के कार्ड फंसाता था और फिर चालाकी से उनका पिन हासिल कर खातों से रकम निकाल लेता था।
एटीएम स्लॉट में फेविक्विक लगाकर फंसाते थे कार्ड
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में फेविक्विक लगा देते थे। इससे ग्राहक का एटीएम कार्ड मशीन में फंस जाता था। इसके बाद आरोपी ग्राहक को फर्जी हेल्पलाइन नंबर लिखा विजिटिंग कार्ड थमा देते थे।
उस नंबर पर फोन करने पर गिरोह का एक सदस्य खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहक से दोबारा पिन डालने के लिए कहता था। इसी दौरान पीछे खड़ा दूसरा आरोपी ग्राहक का पिन देख लेता था। ग्राहक के एटीएम से चले जाने के बाद आरोपी चाकू, प्लास और पेचकस की मदद से मशीन में फंसा कार्ड निकाल लेते थे।
इसके बाद कार्ड और पिन का इस्तेमाल कर खाते से नकदी निकालते या ऑनलाइन खरीदारी करते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह ने ठगी से प्राप्त रकम से लखनऊ स्थित CARS24 से हुंडई आई-10 कार खरीदी थी।
दो ठगी के मामलों में मिला एक ही मोबाइल नंबर
पुलिस जांच में कोतवाली नगर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित इंडियन बैंक के एटीएम से जुड़ा मामला सामने आया। 24 अक्टूबर 2026 को नंद किशोर मिश्रा का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया था। इसके बाद उनके खाते से 48,934 रुपये निकाल लिए गए थे।
वहीं, 12 नवंबर 2026 को फैजाबाद रोड स्थित एसबीआई के एटीएम से मो. साहिल खान के खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए थे।
दोनों मामलों की जांच के दौरान पीड़ितों को दिए गए फर्जी विजिटिंग कार्ड पर एक ही मोबाइल नंबर मिला। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने प्रयागराज, लखनऊ, अयोध्या, कानपुर और गोंडा समेत कई जिलों में ठगी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
चार जिलों के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ सिंह निवासी सहादतगंज, लखनऊ; समीर उर्फ शेरा निवासी बिलरियागंज, आजमगढ़; अदनान खान निवासी प्रतापगढ़, हाल पता मुंबई; और दीपक उर्फ दीपू सिंह चौहान निवासी पहाड़िया, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और अलग-अलग जिलों में की गई ठगी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।