चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शारदा अस्पताल के पास स्थित एक मकान पर छापेमारी की। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक चंदौली त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान सात पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं, मौके से चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया। पुलिस ने कथित संचालिका अमरावती देवी की तलाश शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर मकान की घेराबंदी कर छापेमारी
पुलिस के अनुसार, क्षेत्राधिकारी सदर और प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मझवार स्टेशन से आगे बिहार जाने वाली सर्विस रोड पर शारदा अस्पताल के पास स्थित एक मकान में कई दिनों से अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान सात पुरुष और दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जबकि चार महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
734 कंडोम और 12,890 रुपये नकद बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान से 734 कंडोम, 12,890 रुपये नकद, पीली और सफेद धातु के आभूषण, बैंक पासबुक, जमा पर्चियां और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए।
दो महिलाएं गिरफ्तार, कथित संचालिका की तलाश
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान चंदा देवी निवासी पांडेयपुर, वाराणसी और सावित्री देवी निवासी परिवा, थाना सैयदराजा के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस के मुताबिक मकान की कथित संचालिका अमरावती देवी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक सहित महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे।