बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सफदरगंज थाना क्षेत्र के तलहा कट के पास सोमवार को तेज रफ्तार मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से साइकिल सवार 85 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हाजी धर्मकांटे के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग का शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान मसौली विकासखंड के हैदरपुरवा निवासी दूरई प्रधान (85) के रूप में हुई है। वह मंदिर में पुजारी थे। जानकारी के मुताबिक, लक्षबर बजहा स्थित मंदिर में 26 तारीख को भंडारे का आयोजन होना है। इसी कार्यक्रम का निमंत्रण बांटने के लिए दूरई प्रधान घर से निकले थे। उन्होंने आसपास के गांवों में लोगों को भंडारे का निमंत्रण दिया और इसके बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तलहा कट के पास मिट्टी लदे डंपर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
डंपर का नंबर यूपी 41 टी 9749 बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने डंपर को रुकवा लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

डंपरों की आवाजाही और रफ्तार पर उठे सवाल
हाईवे के इस मार्ग पर मिट्टी लदे डंपरों की लगातार आवाजाही को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे साइकिल सवारों और अन्य राहगीरों की जान हमेशा जोखिम में रहती है। लोगों ने मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बाराबंकी में डंपर की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।