लखीमपुर खीरी : मैलानी थाना क्षेत्र की बांकेगंज चौकी अंतर्गत ग्राम अमीननगर में बुधवार को एक घर के अंदर प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में 18 वर्षीय युवती और 20 वर्षीय युवक शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तीन-चार साल से प्रेम संबंध होने की बात आई सामने

मृतकों की पहचान अमीननगर निवासी सिद्धार्थ कुमार चौधरी की 18 वर्षीय बेटी वंशिका और बांकेगंज के स्टेशन पुरवा निवासी राकेश कुमार के 20 वर्षीय बेटे हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच पिछले तीन से चार वर्षों से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

बताया गया कि वंशिका की मां लक्ष्मी देवी अपने पति से कई वर्षों से चले आ रहे विवाद के कारण मायके अमीननगर में अलग मकान बनाकर रह रही थीं। बुधवार को इसी मकान में वंशिका और हिमांशु के शव फंदे से लटके मिले।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही बांकेगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद मैलानी थाना प्रभारी भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

प्रभारी निरीक्षक मैलानी के अनुसार, शुरुआती छानबीन में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

दो परिवारों में पसरा मातम, गांव में पुलिस तैनात

दो युवाओं की एक साथ मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थिति को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।