हरदोई। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तहसील सवायजपुर पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि पीड़ितों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भूमि विवादों पर विशेष ध्यान, संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों को लेकर डीएम और एसपी ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित मामलों में टीम को मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक मामले में निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।
प्रशासन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और फरियादियों को न्याय दिलाना है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा।