कुशीनगर। तमकुहीराज स्थित रामलीला मैदान में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मिलेट्स कार्यशाला, मेला एवं प्रदर्शनी का गुरुवार को समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से खेती में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशक दवाओं का अनावश्यक प्रयोग न करने तथा प्राकृतिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की।
रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी और स्वास्थ्य पर असर
मुख्य अतिथि राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेती में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अंधाधुंध प्रयोग मिट्टी की उर्वरता के साथ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण को भी प्रभावित करता है। किसानों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ पशुपालन को भी अपनी कृषि व्यवस्था का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे रसायनों पर निर्भरता कम होगी और खेती की लागत घटाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने किसानों से मोटे अनाज यानी मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही उपज के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि कीट एवं रोगों से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

विशेषज्ञों ने पराली प्रबंधन और फसल सुरक्षा के बताए उपाय
कार्यक्रम के प्रारंभ में उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं किसानों का स्वागत किया। उन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा दी गई नवीन तकनीकी जानकारियों को खेती में अपनाने की अपील की।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया, सेवरही की वैज्ञानिक ऋद्धि वर्मा ने पराली प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने और उसका उपयोगी प्रबंधन करने की अपील की।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक मदन गोपाल गौतम ने रबी फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों से बचाव, बीज शोधन और भूमि शोधन की जानकारी दी। वहीं, तकनीकी सहायक दामोदर सिंह ने चूहों एवं छछूंदरों से फसलों को बचाने के व्यावहारिक उपाय बताए।

जैविक और यांत्रिक उपायों से करें कीटों का नियंत्रण
सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा डॉ. वेंकट रमण पाण्डेय ने समन्वित नाशीजीव प्रबंधन (आईपीएम) की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को सबसे पहले यांत्रिक एवं जैविक उपायों से कीटों का नियंत्रण करने का प्रयास करना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर ही वैज्ञानिक संस्तुति और निर्धारित मात्रा के अनुसार रासायनिक दवाओं का प्रयोग करना चाहिए।
कृषि विज्ञान केंद्र सेवरही के अध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार सिंह ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों का अत्यधिक प्रयोग मिट्टी की गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है। किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन के साथ प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए। इससे खेती को टिकाऊ और लाभकारी बनाया जा सकता है।
कृषि साहित्य पढ़ने और नई तकनीक अपनाने की अपील
प्रगतिशील किसान पारसनाथ सिंह ने किसानों को कृषि संबंधी पुस्तकों एवं पत्रिकाओं का नियमित अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि मेलों, गोष्ठियों और कार्यशालाओं में भाग लेकर नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए और उसे अपने खेतों में लागू करना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन विषय वस्तु विशेषज्ञ जमालुद्दीन अंसारी ने किया। अंत में उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रगतिशील किसान जितेन्द्र मिश्र, जिला कृषि अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।