कुशीनगर। नगर पालिका परिषद कुशीनगर के कामकाज से जुड़े 11 बिंदुओं की जांच दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। जिलाधिकारी के आदेश पर गठित जांच कमेटी ने पड़ताल शुरू तो की, लेकिन तत्कालीन उपजिलाधिकारी विवेक मिश्रा के स्थानांतरण के बाद जांच की रफ्तार थम गई। अब तक न तो जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हुई है और न ही यह स्पष्ट हो सका है कि मामले में जिम्मेदारी किसकी तय की गई। ऐसे में जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद जांच पूरी न होने को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं।

नगर पालिका के कामकाज को लेकर मामला उस समय चर्चा में आया था, जब तत्कालीन उपजिलाधिकारी विवेक मिश्रा के निरीक्षण के बाद नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल की ओर से एसडीएम को नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद प्रकरण तत्कालीन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर तक पहुंचा। डीएम ने नगर पालिका के कामकाज से जुड़े 11 बिंदुओं पर जांच के लिए तत्कालीन एसडीएम विवेक मिश्रा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। साथ ही एक सप्ताह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

एसडीएम के स्थानांतरण के बाद थम गई जांच की प्रक्रिया

जांच के दायरे में वित्तीय लेन-देन, सरकारी निर्माण कार्य, सामग्री की खरीदारी, धरातल पर हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता, विद्युत सामग्री की खरीद, प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं की स्थलीय एवं अभिलेखीय पड़ताल शामिल थी। जांच शुरू भी हुई, लेकिन इसी दौरान तत्कालीन एसडीएम विवेक मिश्रा का स्थानांतरण हो गया।

इसके बाद नए अधिकारी के कार्यभार संभालने पर भी जांच आगे नहीं बढ़ सकी। बताया जाता है कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के कार्यभार संभालने के बाद नगर पालिका प्रशासन में जांच और कार्रवाई को लेकर बेचैनी बढ़ने की चर्चा थी। हालांकि, दो महीने से अधिक समय गुजरने के बावजूद जांच की प्रगति सामने नहीं आई। जिन 11 बिंदुओं पर जांच शुरू हुई थी, उनका नतीजा क्या निकला, इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं हो सकी है।

11 बिंदुओं की जांच पर खामोशी, जवाबदेही किसकी?

जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी जांच का परिणाम सामने न आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या खरीदारी से जुड़े अभिलेखों की जांच पूरी हुई? क्या निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और भुगतान की पड़ताल की गई? क्या संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब मांगा गया? यदि जांच पूरी हो चुकी है तो रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही और यदि अधूरी है तो उसे पूरा कराने में देरी किस वजह से हो रही है?

प्रशासनिक व्यवस्था में किसी अधिकारी का स्थानांतरण होने से जांच की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। जांच किसी अधिकारी की निजी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था का दायित्व होती है। ऐसे में सवाल उठता है कि तत्कालीन एसडीएम के स्थानांतरण के बाद जांच की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी गई और अब तक इसे पूरा क्यों नहीं कराया गया।

नगर पालिका में निर्वाचित प्रतिनिधि कौन, अधिकार किसके पास?

इस पूरे प्रकरण का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू नगर पालिका के प्रशासनिक कामकाज में गैर-निर्वाचित व्यक्ति की कथित भूमिका को लेकर है। नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल के पति राकेश जायसवाल की सरकारी निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान मौजूदगी, अधिकारियों के साथ बैठकों में सहभागिता और नगर पालिका कार्यालय में बैठने को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।

सवाल यह है कि इन गतिविधियों का वैधानिक आधार क्या है? क्या इसके लिए कोई शासनादेश या अधिकृत व्यवस्था मौजूद है? यदि किसी गैर-निर्वाचित व्यक्ति की भूमिका सरकारी निर्णयों और प्रशासनिक कामकाज को प्रभावित करने तक पहुंचती है, तो उसकी वैधानिकता की जांच क्यों नहीं होनी चाहिए? यह किसी व्यक्ति के प्रभाव का नहीं, बल्कि संवैधानिक और प्रशासनिक मर्यादा का विषय है।

डीएम के आदेश पर कार्रवाई और रिपोर्ट सार्वजनिक होने का इंतजार

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिलाधिकारी के आदेश पर गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट कब तक सामने आएगी? क्या प्रशासन 11 बिंदुओं पर जांच पूरी कराकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करेगा? नगर पालिका के वित्तीय लेन-देन, निर्माण कार्यों और खरीदारी से जुड़े सवालों का जवाब जांच रिपोर्ट से ही मिल सकता है।

स्थानीय स्तर पर इस प्रकरण को लेकर उठ रहे सवालों के बीच प्रशासन की ओर से जांच की वर्तमान स्थिति स्पष्ट किए जाने और रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की मांग उठ रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और जांच को उसके अंजाम तक पहुंचाया जाता है।